मूकनायक/सत्यशील गोंडाने बालाघाट / मध्यप्रदेश
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, इकाई क्रमांक-02 की महाप्रबंधक सुश्री माया मनीष परते ने शासकीय एमजीएम विद्यालय, बालाघाट पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। इस दौरान बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विशेष भोजन के रूप में खीर, पूरी एवं लड्डू परोसे गए।
महाप्रबंधक सुश्री परते ने विद्यार्थियों के बीच सहज वातावरण में बैठकर भोजन किया और बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों को लेकर संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारी को अपने बीच पाकर विद्यार्थी भी काफी उत्साहित नजर आए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिकारियों द्वारा बच्चों के साथ भोजन कर उनसे सीधे संवाद करने की पहल ने विद्यालय में आत्मीयता और उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए देशभक्ति, शिक्षा और आत्मीय संवाद का यादगार अवसर बना।

