Sunday, March 15, 2026
HomeUncategorizedभिलाई की नेहा वासनिक ने UPSC में 925वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया...

भिलाई की नेहा वासनिक ने UPSC में 925वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया शहर और समाज का मान

भिलाई की नेहा वासनिक ने UPSC में 925वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया शहर और समाज का मान

मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी

भिलाई छत्तीसगढ़

डॉ. अम्बेडकर शिक्षा मित्र सोसाइटी के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है। भिलाई के बैकुंठधाम कैंप-2 निवासी होनहार छात्रा नेहा वासनिक ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 925वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और डॉ. अम्बेडकर शिक्षा मित्र सोसाइटी का नाम रोशन किया है।
नेहा वासनिक ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) वारंगल से केमिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक किया है। उनके पिता निजी कार्य करते हैं जबकि माता गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद नेहा ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
बी.टेक के बाद नेहा को एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी मिल गई थी, लेकिन उन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए वह नौकरी छोड़ दी और पिछले दो वर्षों से पूरी लगन के साथ UPSC की तैयारी में जुटी रहीं। उनकी निरंतर मेहनत और समर्पण का परिणाम अब इस शानदार उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
नेहा वासनिक की एक और विशेष बात यह है कि नौकरी लगने के बाद उन्होंने डॉ. अम्बेडकर शिक्षा मित्र सोसाइटी की सदस्यता ग्रहण की और समाज के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई में सहयोग देने के लिए दान भी करती रही हैं। उनकी यह सामाजिक सोच युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
नेहा की इस सफलता से डॉ. अम्बेडकर शिक्षा मित्र सोसाइटी का पूरा परिवार अत्यंत खुश और गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था के सभी दानदाताओं के सहयोग और विश्वास से ही आज कई बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
सोसाइटी ने नेहा वासनिक को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और उम्मीद जताई है कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments