मूकनायक/ रिपोर्टर इंद्रसेन गौतम बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को बस्ती जनपद की भानपुर तहसील में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) क्रीति भारती की अध्यक्षता में आयोजित इस दिवस में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।
समाधान दिवस के दौरान तहसील क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से आए ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। प्राप्त प्रार्थना पत्रों में मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दे छाए रहे:
राजस्व एवं भूमि विवाद: पैमाइश और अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतें।
विकास कार्य: आवास योजना, राशन कार्ड और पेंशन संबंधी समस्याएं।
अन्य: बिजली, पानी और स्थानीय पुलिस प्रशासन से संबंधित मामले।
सुनवाई के दौरान सीआरओ क्रीति भारती ने एक-एक कर फरियादियों से संवाद किया। उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न होकर धरातल पर होना चाहिए। उन्होंने निष्पक्षता और समयबद्धता पर जोर देते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर तहसील और विकास खंड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे:
(1) एसडीएम भानपुर, हिंमाशू कुमार
(2) तहसीलदार, पंकज गुप्ता
(3) नायब तहसीलदार, कृष्ण मोहन यादव
समाधान दिवस के अंत में प्रशासन की ओर सेआश्वासन दिया गया कि प्राप्त सभी शिकायतों को ऑनलाइन फीड कर संबंधित टीमों को मौके पर भेजा जाएगा ताकि जनता को राहत मिल सके।

