
बिलासपुर। अखिल भैना समाज छत्तीसगढ़ की 16वीं आमसभा का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन ग्राम नवागांव, तहसील सारागांव, जिला सक्ती में तीन दिवसीय महा सभा के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महा आयोजन में समाज के सामाजिक नियमों, परंपराओं एवं रीति-रिवाजों पर गहन चिंतन–मनन किया गया।
आमसभा के दौरान समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक समरसता तथा आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया। समाज को संगठित एवं विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
महा सभा के अंतिम दिवस लगभग डेढ़ हजार समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति में अखिल भैना समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें आर. आर. राजभानू को सर्वसम्मति से निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके निर्वाचन की घोषणा होते ही सभा स्थल पर उत्साह और हर्ष का वातावरण निर्मित हो गया।
उल्लेखनीय है कि आर. आर. राजभानू शासकीय सेवा में रहते हुए सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। सेवानिवृत्ति के पश्चात वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस करते हुए समाज सेवा में भी निरंतर सक्रिय हैं। उनके अनुभव, कार्यकुशलता और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए समाजजनों ने उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुनकर अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में व्यास कश्यप विधायक जांजगीर–चांपा, एम. डी. दीवान संयुक्त सचिव तथा बी. पी. राजभानू पूर्व डीआईजी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजमती भानु ने की।
अतिथियों ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण की सराहना करते हुए नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

