रिपोर्टर – टीकम पाल
जयपुर- ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. की सिरोही इकाई द्वारा सांचौर में कार्यवाही करते हुए किशनाराम हैड कांस्टेबल पुलिस थाना सांचौर, जिला सांचौर को परिवादी से 25 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि ए.सी.बी. की सिरोही इकाई को परिवादी द्वारा एक शिकायत इस आशय की दी गई कि उसके परिवारजनों के विरूद्ध दर्ज मुकदमे में मदद करने की एवज में आरोपी किशनाराम हैड कांस्टेबल ने 50 हजार रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस हरेन्द्र महावर के सुपरवीजन में ए.सी.बी. की सिरोही इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक कुयाराम द्वारा मय टीम के सांचौर में ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी किशनाराम हैड कानिस्टेबल को परिवादी से 25 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि शिकायत के सत्यापन के दौरान भी आरोपी हैड कांस्टेबल द्वारा परिवादी से 5 हजार रुपये अपने परिचित के खाते में जरिये फोन पे ट्रांसफर करवाकर वसूल कर लिये गये थे। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

