एएसआई समेत 5 पुलिसकर्मी घायल, स्कूटी सवार महिला को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
मूकनायक
भरतपुर (राजवीर सिंह) प्राप्त जानकारी अनुसार भरतपुर जिले की उच्चैन थाने की जीप कार्यवाही करने के लिए जाते वक्त रस्ते में एक स्कूटी सवार महिला को बचाने के चक्कर में पलटकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। घटना में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए जिसमें से 4 पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर है तथा एक पुलिसकर्मी को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। एएसपी सतीश कुमार ने बताया कि घटना करीब 9 बजकर 30 मिनट की है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चल रहा है। थाने का जाब्ता कार्रवाई के लिए फील्ड में जा रहे थे। इस दौरान सेवर थाना इलाके में सेवर तिराहे स्थित रूद्र होटल से एक स्कूटी सवार महिला लापरवाही से पुलिस की जीप के आगे आ गई। स्कूटी सवार महिला को बचाने के चक्कर में पुलिस की जीप अनियंत्रित हो गई और तीन से चार पलटी खा गई। जीप में बैठे एएसआई कंचन सिंह, हेड कांस्टेबल ड्राइवर जयसिंह, हेड कांस्टेबल ब्रह्म स्वरूप, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल विश्वेंद्र सिंह और कंचन सिंह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पांचों पुलिसकर्मियों को जीप से बाहर निकाला। घटना की सूचना सेवर थाना पुलिस को दी गई जिसके बाद सभी को आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। कांस्टेबल विश्वेंद्र के मामूली चोट आई है जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि कंचन सिंह के ज्यादा चोटें आई है।

