वारासिवनी में रेलवे लाइन के किनारे नहर से मिले दोनों के शव, वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू
मूकनायक समाचार —/ सत्यशील गोंडाने / बालाघाट
वारासिवनी। जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। लालबर्रा तहसील के ग्राम सेलवा से बहने वाली बड़ी नहर में बहते हुए दिखाई दिए दो भारतीय गौर की तलाश के दौरान वारासिवनी शहर में रेलवे लाइन के किनारे नहर से दोनों के शव बरामद हुए। पशु चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया नहर में डूबने से उनकी मौत होने की आशंका जताई है। वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार किया भस्मीकरण
वन विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर की सुबह सूचना मिलने पर वारासिवनी और लालबर्रा वन परिक्षेत्र की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच वारासिवनी की टीम ने नहर से दोनों नर गौर के शव बाहर निकाले। 18 अक्टूबर को पशु चिकित्सा अधिकारियों ने पोस्टमार्टम किया। जांच के लिए दोनों के बिसरा सुरक्षित रखे गए हैं। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया के तहत दोनों के शारीरिक अवशेषों का नियमानुसार भस्मीकरण किया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
वन विभाग द्वारा घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

