मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
हिंडौन सिटी। नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से दूर रखने के उद्देश्य से हिंडौन शहर में पुलिस की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ‘ड्रग्स वॉरियर्स योजना’ के तहत आयोजित इस रैली के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और नशे के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया गया।
रैली में मंडी थाना, सदर थाना और कोतवाली थाना के पुलिस जवान शामिल हुए। पुलिसकर्मियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज की भागीदारी पर जोर दिया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल नशे के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों में जागरूकता पैदा करना और नशा मुक्त समाज के लिए जनभागीदारी बढ़ाना भी है।
युवाओं को बचाने की सामूहिक जिम्मेदारी
नशे का सबसे ज्यादा असर युवा पीढ़ी पर पड़ता है। ऐसे में पुलिस की ओर से निकाली गई यह जागरूकता रैली लोगों को यह संदेश देती नजर आई कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, अपने आसपास के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं।

