Sunday, March 15, 2026
HomeUncategorizedवरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मी नारायण कुम्भकार ‘सचेत’ को मिला “संत कबीर सम्मान

वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मी नारायण कुम्भकार ‘सचेत’ को मिला “संत कबीर सम्मान

वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मी नारायण कुम्भकार ‘सचेत’ को मिला “संत कबीर सम्मान–2026”

मूकनायक

कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी

रायपुर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की साहित्यिक एवं वैचारिक दुनिया के लिए गौरव का क्षण तब बना जब वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार, संपादक, सामाजिक विचारक एवं फिल्म लेखक लक्ष्मी नारायण कुम्भकार ‘सचेत’ को इस वर्ष का प्रतिष्ठित “संत कबीर सम्मान–2026” प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें 08 मार्च को विश्व महिला दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित वृंदावन हॉल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में दिया गया।
यह समारोह छत्तीसगढ़ तर्कशील परिषद एवं राष्ट्रीय पत्रिका “तथागत संदेश” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर से साहित्यकार, पत्रकार, समाजसेवी और विचारक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में कुम्भकार ‘सचेत’ को उनके लंबे समय से साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर संभाग के आयुक्त एम. डी. कांवरे उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व संभाग आयुक्त एवं वर्तमान विभागीय जांच अधिकारी दिलीप वासनीकर, पूर्व आईएएस बी. एल. ठाकुर, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. रत्न लाल, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. परदेशी राम वर्मा तथा डॉ. जे. आर. सोनी शामिल रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से कुम्भकार ‘सचेत’ को शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का आयोजन तथागत संदेश पत्रिका के संपादक एवं संस्था प्रमुख आर. के. सुखदेवे के नेतृत्व में दो सत्रों में किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि लक्ष्मी नारायण कुम्भकार ‘सचेत’ ने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में जागरूकता, समानता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का निरंतर कार्य किया है। उनके साहित्य और विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ अंचल के सैकड़ों साहित्यकार, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर डॉ. नरेश साहू ने किया।
गौरतलब है कि लक्ष्मी नारायण कुम्भकार ‘सचेत’ लंबे समय से साहित्य, पत्रकारिता, सामाजिक चिंतन और फिल्म लेखन के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जागरूकता की अलख जगा रहे हैं। “संत कबीर सम्मान–2026” से सम्मानित होना उनके साहित्यिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments