सुषमा पुंटा, रोहड़ू (जिला शिमला) | अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज सुधार एवं जनकल्याण सेवा समिति हिमाचल प्रदेश, ब्लॉक रोहड़ू (जिला शिमला) द्वारा शिवशक्ति धाम शिव मंदिर रोहड़ू में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की अनेक महिलाओं, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम में मदर टैरिस फाउंडेशन की राष्ट्रीय सचिव सुनिता डोगरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को जागरूक रहने, समाज में आगे बढ़ने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर जोगिंदर पाल ज्योति (अध्यक्ष, शिवशक्ति धाम शिव मंदिर रोहड़ू) ने अपनी मधुर एवं प्रेरणादायक वाणी से उपस्थित सभी महिलाओं और अतिथियों को ज्ञान, भक्ति और मानव सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान समाज सुधार एवं जनकल्याण सेवा समिति हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाज में जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में बेसहारा, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता निस्वार्थ भाव से की जाएगी तथा समाज को नशामुक्ति, भ्रष्टाचार, अत्याचार और अन्य सामाजिक बुराइयों से मुक्त करने के लिए एकजुट होकर कार्य किया जाएगा।इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने समाज में अनावश्यक तनाव, भेदभाव, ईर्ष्या-द्वेष और नफरत को त्यागकर एकता, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आए सभी लोगों के लिए जलपान और भोजन की भी व्यवस्था की गई।कार्यक्रम में उषा दिवांटा, रेखा सोनी (वरिष्ठ महिला इकाई पदाधिकारी), सबीर दास रगोरटा (अध्यक्ष, समाज सुधार एवं जनकल्याण सेवा समिति हिमाचल प्रदेश), जेपी चौहान (अध्यक्ष, ब्लॉक रोहड़ू), संतोष कुमार मिंटू, बलबीर चौहान, भरत भूषण मैहता, राम चरण कायथ, प्रशोतम कुलैंटा सहित अन्य कई समाजसेवियों और महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इस अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान, समाज सेवा और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक संदेश देने में सफल रहा।

