Sunday, March 15, 2026
Homeहरियाणारेवाड़ी के ढालियावास स्कूल में शिक्षक की कथित टिप्पणी पर संगठन ने...

रेवाड़ी के ढालियावास स्कूल में शिक्षक की कथित टिप्पणी पर संगठन ने उठाई आवाज, निष्पक्ष जांच की मांग

मूकनायक/ओमप्रकाश वर्मा राष्ट्रीय प्रभारी

रेवाड़ी/ हरियाणा

रेवाड़ी जिले के गांव ढालियावास स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संगठन की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
संगठन की प्रदेश सचिव अनीता देवी ने दिए गए ज्ञापन में बताया कि 2 मार्च 2026 को गांव ढालियावास के प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक शिव कुमार द्वारा स्कूल में ड्यूटी के दौरान सार्वजनिक रूप से ऐसी टिप्पणी की गई, जिससे भावनाएं आहत हुईं। उनका कहना है कि एक शिक्षक का दायित्व विद्यार्थियों के बीच समानता, सम्मान और संवैधानिक मूल्यों को बढ़ावा देना होता है, इसलिए इस प्रकार की घटना चिंताजनक है और इससे विद्यालय के माहौल पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सख्त चेतावनी दी जाए तथा 24 घंटे के भीतर की गई कार्रवाई की जानकारी भी संगठन को उपलब्ध कराई जाए।
संगठन ने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर 3 मार्च 2026 को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी को भी शिकायत दी गई थी और उस पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी गई है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा संस्थानों में सभी महापुरुषों और संविधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान का वातावरण होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों के बीच सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच विकसित हो सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले पर शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments