न्यूज़ छत्तीसगढ़
महिला सशक्तिकरण का संदेश: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में महिला दिवस पर प्रेरणादायी कार्यक्रम
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
बिलासपुर, गुरुवार। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर के न्यू ऑडिटोरियम में प्रेरणादायी महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक महिला रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक तरुण प्रकाश तथा विशिष्ट अतिथि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) की अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अतिथि वक्ता उज्ज्वल पाटनी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में महिलाओं को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 27 महिला रेलकर्मियों को महाप्रबंधक तरुण प्रकाश एवं अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस वर्ष महिला दिवस की थीम “Rights, Justice, Action – For All Women and Girls” है, जो महिलाओं और बालिकाओं के अधिकार, न्याय और सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाने का आह्वान करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को शिक्षा, समान अवसर, सम्मानजनक कार्य वातावरण और सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में वैश्विक स्तर पर लगभग 42 प्रतिशत कार्यबल में महिलाएँ शामिल हैं, जबकि नेतृत्व के उच्च पदों पर उनकी भागीदारी करीब 31 प्रतिशत है। भारत में भी महिलाओं की कार्यबल भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और यह वर्ष 2017–18 में लगभग 23 प्रतिशत से बढ़कर 2023–24 में करीब 42 प्रतिशत तक पहुँच गई है।
महाप्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल जैसे विशाल सार्वजनिक संगठन में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। आज महिलाएँ लोको पायलट, गार्ड, इंजीनियर, टीटीई, ट्रैक मेंटेनर, आरपीएफ तथा स्टेशन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए रेलवे की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर, कैंसर जागरूकता अभियान तथा बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर “अक्षिता” सेफ बबल तथा ट्रेनों में यात्रा कर रही महिलाओं की सहायता के लिए “मेरी सहेली” अभियान भी संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी आदित्य कुमार, मुख्य कार्मिक अधिकारी (आईआर) डॉ. दर्शनीता बी. अहलूवालिया, मुख्यालय एवं बिलासपुर मंडल के अधिकारीगण, सेक्रो की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित थीं।


