Sunday, March 15, 2026
HomeUncategorizedमंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक संपन्न, यात्री सुविधाओं के विस्तार...

मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक संपन्न, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक संपन्न, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी

बिलासपुर छत्तीसगढ़

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में बुधवार को मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (DRUCC) की बैठक मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। यह बैठक मंडल सभाकक्ष में प्रातः 11:30 बजे प्रारंभ हुई, जिसमें रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) के. श्रीनिवास, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित मंडल के कई शाखाधिकारी शामिल हुए। इसके साथ ही समिति के सदस्य अखिलेश सोनथालिया, जी. रविकुमार, अजय कुमार भट्ट, अखिल अग्रवाल, अनुज सेन, राकेश गुप्ता, जितेंद्र कुमार गुप्ता, प्रांजल संजय तामस्कर तथा विकास कुमार अग्रवाल के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के स्वागत संबोधन और सदस्यों के परिचय से हुई। इसके बाद बिलासपुर मंडल की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं में सुधार, विभिन्न विकास कार्यों, अमृत भारत स्टेशन योजना, रेल सेवाओं के डिजिटलीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा, खानपान सेवाओं तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा पूर्व में भेजे गए एजेंडा बिंदुओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने मंडल में चल रहे विकास कार्यों और उपलब्ध यात्री सुविधाओं की सराहना करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित स्थानीय समस्याओं और जन अपेक्षाओं को भी सामने रखा। साथ ही विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और ट्रेनों के ठहराव से जुड़े सुझाव भी दिए।
मंडल प्रशासन ने सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आवश्यकतानुसार समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, यात्रियों के लिए अनुकूल सेवाओं में वृद्धि सहित रेलवे विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने समिति के सदस्यों के सहयोग और सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति यात्रियों की अपेक्षाओं और सुझावों को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। समिति से प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार प्राथमिकता के साथ कार्य करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि रेल सेवाएं और अधिक सुदृढ़ और जनहितैषी बन सकें।
बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में विचार-विमर्श और सहयोग की भावना के साथ संपन्न हुई।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments