


बालाघाट। भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर द्वारा 13 मार्च 1927 को स्थापित ‘आल इंडिया समता सैनिक दल’ अपने स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर शुक्रवार 13 मार्च 2026 को बालाघाट के समता भवन, बुढ़ी में शताब्दी वर्ष स्थापना दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे डॉ. अंबेडकर चौक पर माल्यार्पण और सलामी के साथ होगी। इसके पश्चात दल के सैनिकों द्वारा भव्य पथ संचलन (रूट मार्च) निकाला जाएगा। समारोह के दौरान दल के साहित्य “ऑल इंडिया समता सैनिक दल क्या और क्यों?” के प्रथम अंक का विमोचन किया जाएगा। साथ ही सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एच.आर. गोयल (चेयरमैन, AISSD जोधपुर) करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर बालाघाट जी.एस. धुर्वे उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा नागपुर, जबलपुर और रायपुर से दल के वरिष्ठ पदाधिकारी भी समारोह में विशेष रूप से शामिल होंगे।
दल के जनरल सेक्रेटरी अशोक शेन्डे ने बताया कि शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पूरे देश में जनजागृति कार्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। बालाघाट में आयोजित यह कार्यक्रम शताब्दी वर्ष की कार्ययोजना का प्रमुख आयोजन है।
प्रांतीय क्षेत्रीय सचिव एस.आर. उके, स्थानीय व्यवस्था प्रभारी एन.आर. डोंगरे, प्रांतीय उपाध्यक्ष विकास खाण्डेकर तथा जिलाध्यक्ष की टीम ने सभी प्रबुद्ध नागरिकों और दल के सदस्यों से निर्धारित गणवेश में समय पर उपस्थित होने की अपील की है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन के साथ किया जाएगा।

