



बालको नगर/कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालको नगर स्थित पुलिस थाना प्रांगण में सिद्धार्थ लोककल्याण समिति, मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा एवं अन्य सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टीआई यूराज तिवारी ने उपस्थित महिलाओं का पुष्प भेंट कर स्वागत करते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की प्रथम गुरु होती हैं, जो बच्चों को संस्कार और शिक्षा देकर उन्हें देश-दुनिया में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, डॉक्टर, कलेक्टर और इंजीनियर जैसे उच्च पदों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने मातृ शक्ति को नमन करते हुए सभी से बेटा और बेटियों को समान रूप से शिक्षित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गोपाल ऋषिकर भारती ने कहा कि सदियों तक पुरुषवादी व्यवस्था के कारण महिलाओं को शिक्षा, धन और शस्त्र के अधिकार से वंचित रखा गया था, लेकिन भारत के संविधान ने महिलाओं को समान अधिकार प्रदान कर उनकी बेड़ियां तोड़ने का कार्य किया है। आज महिलाएं देश में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर से लेकर सेना और पुलिस के उच्च पदों तक पहुंचकर अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं।



इस अवसर पर पुलिस विभाग से जलवेश कंवर, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र थवाईत, मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव सुनील सुना, कार्यक्रम की संयोजिका शीतला साहू, जिला उपाध्यक्ष प्यारेदास महंत, जिला महिला उपाध्यक्ष उमेदा साव, कांग्रेस नेत्री शशीलता पांडे, पुष्प पात्रै, भाजपा नेत्री मनजीत कौर, जिला सचिव अंजलि जांगड़े, बालको महासचिव नीलम जांगड़े, गंगा यादव, कोमल यादव, संगीता साहू, गायिका कलिंद्री परिहार, भूमिका जांगड़े, संतोष बंजारे, सरिता सूर्यवंशी, आशा डोंगरे, सायरा बेगम, रशीदा बेगम, गायत्री साहू, बलजीत कौर और निर्मल चंद्र कसार सहित अनेक अतिथि एवं वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं का फूल भेंट कर सम्मान किया गया। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। बड़ी संख्या में महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी बना दिया।


