Saturday, March 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबस्ती में अनियंत्रित कार नहर किनारे खाई में पलटी, कई लोग गंभीर...

बस्ती में अनियंत्रित कार नहर किनारे खाई में पलटी, कई लोग गंभीर रूप से घायल

मूकनायक/राजेश कुमार रिपोर्टर बस्ती/उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। सोनहा थाना क्षेत्र के रेहार जंगल चौराहे के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर किनारे खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में कार में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, UP 51 BY 8175 नंबर की कार बिछिया से सल्टौआ की तरफ जा रही थी। रास्ते में रेहार जंगल चौराहे के पास अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे उतरकर नहर किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसा इतना तेज था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

दुर्घटना होते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सल्टौआ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

घायलों की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

स्थानीय लोगों और समाजसेवी की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान समाजसेवी डीके धनंजय ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए घायलों की मदद की। उन्होंने अपने निजी वाहन से कई घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे समय रहते उन्हें इलाज मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही सोनहा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को खाई से निकलवाने की व्यवस्था की और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अचानक अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments