
मूकनायक/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
वारासिवनी/रामपायली।विश्वरत्न, बोधिसत्व भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती को इस वर्ष ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने की तैयारी रामपायली में शुरू हो गई है। इसी क्रम में सम्राट अशोक बुद्ध विहार, वार्ड नंबर 06 आम्बेडकर चौक रामपायली में 15 मार्च 2026 को शाम 6 बजे एक विशेष बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इस बैठक में क्षेत्र के उपासक-उपासिकाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की गई है।
आयोजकों के अनुसार बैठक में बाबासाहेब की जयंती को इस वर्ष अधिक व्यापक, भव्य और प्रेरणादायी स्वरूप में मनाने की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही कस्बिटोला, सोनझरा, रेगाझरी, सिंगोड़ी, कंटगटोला, जबरटोला और कन्हारटोला सहित आसपास के क्षेत्रों के अध्यक्ष, सचिव, वरिष्ठ कार्यकर्ता और समाज के जागरूक नागरिक अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत करेंगे, जिससे कार्यक्रम को सर्वसमावेशी स्वरूप दिया जा सके।
बैठक की एक विशेष पहल के रूप में जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु “जयंती समारोह नवयुवा समिति” का गठन भी किया जाएगा। इस समिति के माध्यम से युवा वर्ग को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में जोड़ते हुए कार्यक्रम को नए जोश, नई ऊर्जा और नई उमंग के साथ संपन्न करने की योजना बनाई गई है।
आयोजकों ने समाज के सभी बंधुओं से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाएं और बाबासाहेब के विचारों—समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय—को जन-जन तक पहुंचाने के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष ममता गजभिये, दिनेश चौधरी, सचिव सत्यशील गोंडाने, शिला रंगारे, सुनील खोबरागड़े, जे.एन. मेश्राम, नंदकिशोर कुभ्भलवार सहित सम्राट अशोक बुद्ध विहार समिति रामपायली वार्ड नंबर 06 के समस्त पदाधिकारियों ने बताया कि बाबासाहेब की जयंती को ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग अपेक्षित है और सभी के संयुक्त प्रयास से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

