अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप ने की बैठक की अध्यक्षता |
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होगा 21जून को राष्ट्रीय अधिवेशन |
सुषमा पूंटा रोहडू हिमाचल प्रदेश | दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्थित अखिल भारतीय कोली समाज भवन में गत दिवस अखिल भारतीय कोली समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने की।बैठक में राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य सत्य नारायण पवार, हरिशंकर माहौर, आर. भूपति, मनु भाई चावड़ा और डी.पी. शंखवार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों से आए राष्ट्रीय पदाधिकारी और प्रदेश अध्यक्षों ने भी बैठक में भाग लेकर अपने-अपने विचार साझा किए। बैठक का मुख्य उद्देश्य 21 जून 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा करना था। इस दौरान अधिवेशन को भव्य और सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपी गईं। बैठक में यह जानकारी भी साझा की गई कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ेगी। इस खबर से समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। बैठक में उपस्थित नेताओं ने कहा कि यह राष्ट्रीय अधिवेशन कोली समाज की एकता, संगठन और सामाजिक उत्थान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। देश के विभिन्न राज्यों से समाज के प्रतिनिधियों और सदस्यों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी सभी पदाधिकारियों से अपील की गई। अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि आगामी 21 जून को होने वाला यह राष्ट्रीय अधिवेशन ऐतिहासिक और सफल बनाया जाएगा, जिससे समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठाई जा सके।

