मूकनायक/नरेश जाटव/ कैलादेवी/करौली/राजस्थान।
करौली, 23 फरवरी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा व समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने कृषि, सड़क, संपर्क पोर्टल, ई-फाइलिंग, नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों की स्वच्छता, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय, लोकायुक्त कार्यालय, मानवाधिकार आयोग कार्यालय, संभागीय आयुक्त कार्यालय से प्राप्त प्रकरण, जनसुनवाई व रात्रि चौपालों में प्राप्त प्रकरणों एवं 90 दिन से लंबित चल रहे परिवादों का निर्धारित समय सीमा से पूर्व निस्तारण कर आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषप्रद त्वरित राहत दिलवाने एवं इसकी निस्तारण रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भिजवाने के लिए कहा। इसके साथ-साथ जिला स्तरीय अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से परिवादियों के साथ दूरभाष पर संवाद कर कम से कम 20 परिवेदनाओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। सीएम उन्नति पोटर्ल पर अपलोड़ किए गये कार्यो की समीक्षा की और बजट घोषणा 2026-27 की उचित कार्ययोजना बनाकर समयब़द्ध कियान्वयन के दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अन्तर्गत संचालित नॉन-पेचेबल, पेचेबल, मिसिंग लिन्क आदि परियोजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन, नए स्वीकृत एवं प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की इसके साथ-साथ उन्होंने जल जीवन मिशन में वर्तमान प्रगति की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने अधिशाषी अभियंता को जिले में निर्बाध रूप से पेयजल आपूर्ति के निर्देश देते हुए कहा कि वे उनके विभाग के अन्तर्गत जलापूर्ति के लिए मौजूद समस्त आवश्यक उपकरणों का नियमित रूप से रखरखाव एवं मरम्मत के माध्यम से सुचारू संचालन सुनिश्चित करें। वहीं शहर एवं गावों के दूरस्थ एवं बाधित जलापूर्ति क्षेत्रों में उपलब्ध कराये जाने वाले पेयजल के नियमित परिवहन एवं निर्बाध आपूर्ति को भी प्राथमिकता दें।
चिकित्सा एवं स्वस्थ्य विभाग के अधीन संचालित राजकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के उच्चत्तम स्तर को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि नियमित रूप से औचक निरीक्षण आदि के माध्यम से प्रभावी मॉनिटरिंग भी रखी जाए। वहीं अब तक उच्च अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षणों में पाई गई कमियों को दूर कर प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भिजवाना भी सुनिश्चित किया जाए। आगामी होली के त्योहार को देखते हुए जिला कलक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि वे दूध, मिठाइयाँ, मसाले आदि खाद्य पदार्थों एवं होली के रंगों एवं गुलाल आदि की सक्षम स्तर के माध्यम से एवं नियमित सेंपलिंग भिजवाकर लेब से जांच करवाएँ, जिससे मिलावट के जहर से जिलेवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और मिलावट करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। जिला कलक्टर ने पेयजल से सम्बंधित योजनाओं की भी समीक्षा की एवं उसमें सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को विद्युत की सुचारू आपूर्ति के लिए जरूरी उपकरणों की कार्यशीलता एवं सुरक्षा को नियमित निगरानी के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिड़वाल मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवचरण मीना, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ.गंगासहाय मीना, सीएमएचओ डॉ.जयंतीलाल मीना, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक धर्मेन्द्र मीना सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

