मूकनायक /गोपाल मेघवंशी
रायपुर/ भीलवाड़ा/ राजस्थान
रायपुर सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के रायपुर उपखंड अंतर्गत राजस्व गांव मोखमपुरा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती श्रद्धा और सामाजिक चेतना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक लादू लाल पितलिया रहे, जबकि आयोजन संत भैरुदास महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लादू लाल पितलिया ने कहा कि जहां भी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समाज के लोग निवास करते हैं, वहां उनकी हर समस्या के समाधान के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर उन्होंने मोखपुरा में सामाजिक उपयोग के लिए 10 लाख रुपये की लागत से चारदीवारी निर्माण की स्वीकृति देने की घोषणा की।
अंबेडकर संगठन रायपुर के अध्यक्ष ज्ञानमल खटीक ने अपने उद्बोधन में संविधान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यदि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा संविधान का निर्माण नहीं किया गया होता, तो आज समाज के बीच कई नेता पहुंच भी नहीं पाते। उन्होंने कहा कि संविधान और वोट की ताकत के कारण ही आज दलित समाज को सम्मान मिला है, अन्यथा वर्षों से यह समाज छुआछूत और भेदभाव का शिकार होता आ रहा है। उन्होंने समाज से एकजुट रहने और अपने मताधिकार का सदुपयोग कर संविधान विरोधी ताकतों को पहचानने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बहुजन क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमचंद सालवी ने कहा कि संगठन में ही वास्तविक शक्ति होती है। समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने बच्चों को शिक्षा दिलानी चाहिए, क्योंकि शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।
इस अवसर पर एडवोकेट पूनम नाथ ने संत रविदास जी को ईश्वर का अवतार बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी भक्ति और कर्म से समाज को समानता और सत्य का मार्ग दिखाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने संत रविदास जी और डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।

