Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedवारासिवनी में ऑल इंडिया देवधर क्रिकेट ट्रॉफी का भव्य आगाज

वारासिवनी में ऑल इंडिया देवधर क्रिकेट ट्रॉफी का भव्य आगाज

मूकनायक समाचार/ सत्यशील गोंडाने ( बालाघाट)

वारासिवनी।क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह और रोमांच से भरा पल उस समय देखने को मिला जब वारासिवनी में ऑल इंडिया देवधर क्रिकेट ट्रॉफी 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस प्रतिष्ठित अखिल भारतीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 31 जनवरी 2026 से 12 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह भव्य और अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, खिलाड़ी, आयोजक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर मंचासीन अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की सफलता की शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति द्वारा टूर्नामेंट ट्रॉफी का अनावरण किया गया, जिसके साथ ही प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज हुआ। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस ऑल इंडिया देवधर क्रिकेट ट्रॉफी में देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता को उच्च स्तरीय बनाने के लिए मैदान की तैयारी, पिच, अंपायरिंग, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस भव्य आयोजन को मध्यप्रदेश शासन, भोपाल का सहयोग प्राप्त है। प्रतियोगिता की संपूर्ण तैयारियां पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रदीप जायसवाल के मार्गदर्शन में की जा रही हैं। आयोजन समिति का कहना है कि टूर्नामेंट का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण एवं अंचल क्षेत्र के युवाओं को प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना भी है।
आयोजकों ने बताया कि देवधर ट्रॉफी जैसे बड़े आयोजन से वारासिवनी क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की प्रेरणा प्राप्त होगी। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल है, प्रतिदिन बड़ी संख्या में दर्शकों के मैदान में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि यह टूर्नामेंट न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि वारासिवनी को खेल मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाएगा। देवधर क्रिकेट ट्रॉफी के आगाज के साथ ही पूरे क्षेत्र में खेल भावना और उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिल रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments