Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedरायपुर : संत गाडगे बाबा ने दिया “स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का...

रायपुर : संत गाडगे बाबा ने दिया “स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का संदेश — विष्णु देव साय

रायपुर।राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्र संत शिरोमणि संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर आयोजित निर्मल दिवस कार्यक्रम में विष्णु देव साय शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने अपने जीवन और कर्मों से समाज को स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का अमूल्य संदेश दिया। “स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का उनका विचार आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा की स्वच्छता की प्रेरणा से उन्हें नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए स्वच्छ भारत अभियान का स्मरण हो गया। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2014 को लाल किले से इस अभियान की शुरुआत हुई और आज यह एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। देश में स्वच्छता के प्रति व्यापक जागरूकता संत गाडगे बाबा के विचारों की ही देन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं-बहनों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। शौचालय निर्माण से उन्हें सम्मान मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी योजनाओं ने गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुँच रहा है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों बढ़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आर्थिक रूप से निरंतर सशक्त हो रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया गया है। राज्य सरकार समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने शिक्षा को विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि शिक्षा केवल नौकरी का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारित और सफल जीवन की आधारशिला है। समाज से सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने का आह्वान भी किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, आरती एवं स्मारिका का विमोचन किया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान बच्चों और समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम को विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू तथा पद्मश्री रामलाल बरेठ ने भी संबोधित किया। मंच पर संत गाडगे बाबा के वंशज भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में तुलसी कौशिक, घनश्याम चौधरी, रजनी रजक, विनय निर्मलकर सहित छत्तीसगढ़ रजक समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments