“रमाई” तीसरे सप्ताह में प्रवेश, 20 से 26 फरवरी तक 27 सिनेमाघरों में प्रदर्शन
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
रायपुर, छत्तीसगढ़
नीतू राज फिल्म्स द्वारा निर्मित छत्तीसगढ़ की पहली हिंदी फीचर फिल्म “रमाई” शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है। फिल्म 20 फरवरी 2026 से 26 फरवरी 2026 तक एक सप्ताह के लिए दर्शकों के सहयोग से 27 सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जा रही है।
फिल्म के निर्माता कृष्णा चौहान एवं सह-निर्माता राजकुमार रामटेके ने आम जनों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा है कि यह केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है। उन्होंने दर्शकों से अनुरोध किया है कि जिन शहरों में फिल्म प्रदर्शित हो रही है, वहां यदि उनके रिश्तेदार या परिचित रहते हों तो उन्हें फिल्म देखने के लिए प्रेरित करें और प्रचार-प्रसार में सहयोग दें।
निर्माताओं के अनुसार, “रमाई” का उद्देश्य रमाबाई आंबेडकर के त्याग, संघर्ष और बलिदान को समाज के प्रत्येक घर तक पहुंचाना है। फिल्म में उनके जीवन के उन पहलुओं को दर्शाया गया है, जिन्होंने महान समाज सुधारक डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निर्माता कृष्णा चौहान ने कहा, “बाबा साहब द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों के मूल में उनके संघर्ष और उनके साथ खड़ी रमाई का त्याग भी शामिल है। हम चाहते हैं कि समाज विशेषकर नई पीढ़ी और महिलाएं रमाई के जीवन से प्रेरणा लें। यह फिल्म नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देती है कि एक महिला अपने धैर्य, साहस और समर्पण से समाज निर्माण में कितनी बड़ी भूमिका निभा सकती है।”
फिल्म निर्माण का मुख्य उद्देश्य सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, इतिहास के प्रेरणादायक पात्रों को जन-जन तक पहुंचाना तथा महिलाओं की शक्ति और योगदान को सम्मान देना है। निर्माताओं ने सभी सामाजिक संगठनों, महिला समूहों और युवाओं से फिल्म को परिवार सहित देखने तथा अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की है।


