मांढ़र स्टेशन पर एम्बुश टिकट चेकिंग, 62 हजार से अधिक का राजस्व प्राप्त
रेल कर्मचारियों की सक्रियता और यात्रियों की जिम्मेदारी से सुदृढ़ होगी रेलवे व्यवस्था
मूकनायक
दिलीप मैश्राम
रायपुर, छत्तीसगढ़
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट तथा रेलवे नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से निरंतर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर मंडल के मांढ़र स्टेशन पर वाणिज्य विभाग द्वारा एम्बुश टिकट चेकिंग अभियान संचालित किया गया, जिसमें कुल 200 मामलों से 62,430 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में 07 फरवरी 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान रायपुर–बिलासपुर मेमू ट्रेन (68728), गोंदिया–झारसुगुड़ा पैसेंजर (68861), गेवरा रोड–रायपुर पैसेंजर (68745/58203) तथा बिलासपुर–रायपुर पैसेंजर (58201) सहित कई लोकल ट्रेनों में सघन जांच की गई।
अभियान में बिना टिकट यात्रा के 188 मामलों से 56,415 रुपये, अनियमित टिकट के 9 मामलों से 5,515 रुपये, धूम्रपान के 2 मामलों से 400 रुपये तथा 1 सी-केस से 100 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
इस अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में 3 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 2 वाणिज्य निरीक्षक, 18 टिकट चेकिंग स्टाफ एवं 8 आरपीएफ कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। रेल कर्मचारियों की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा से यह स्पष्ट है कि रेलवे प्रशासन नियमों के पालन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व उचित टिकट एवं स्टेशन परिसर में प्रवेश से पहले प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें, सही कोच में यात्रा करें तथा रेलगाड़ियों और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग दें।
यात्रियों की जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार न केवल रेलवे के राजस्व को सुदृढ़ करता है, बल्कि राष्ट्रहित में एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अनुशासित परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करता है।


