भिलाई में साइबर अपराध पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
जामुल-भिलाई छत्तीसगढ़
तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से उदय महाविद्यालय, जामुल भिलाई तथा भिलाई इस्पात संयंत्र, एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में 21 फरवरी 2026 को दोपहर 12:00 बजे साइबर अपराध पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम महाविद्यालय परिसर, जामुल भिलाई में संपन्न होगा।
आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों का उपयोग कर आम नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, कर्मचारियों एवं अधिकारियों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, बैंकिंग फ्रॉड और डिजिटल ब्लैकमेल जैसे मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएसपी श्री प्रशांत पैकरा उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. संकल्प राय (प्रभारी, साइबर सेल, कोतवाली भिलाई) साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपायों पर विस्तृत मार्गदर्शन देंगे।
विशेष अतिथि के रूप में कोमल प्रसाद, अध्यक्ष, बीएसपी एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन भिलाई तथा वरिष्ठ पत्रकार अनिल साखरे भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के डायरेक्टर टी.आर. साहू करेंगे।
आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थियों, महिलाओं, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
“सावधान रहें – जागरूक बनें” के संदेश के साथ यह कार्यक्रम डिजिटल युग में सुरक्षित रहने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


