मूकनायक/राजेश कुमार/तहसील रिपोर्टर/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत भिरिया बाजार में सोमवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अमरौली सुमाली मार्ग से भिरिया बाजार की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और सामने जा रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार ब्रेक लगाने की कोशिश में चालक का पैर एक्सीलेटर पर पड़ गया, जिससे वाहन बेकाबू हो गया।
कार चालक की पहचान अमरौली सुमाली निवासी सतराम कन्नौजिया (लगभग 65 वर्ष) के रूप में हुई है। कार का नंबर UP51 BM 9811 बताया जा रहा है। कार में सवार दो युवक सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
साइकिल सवार की हालत गंभीर हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सोनहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। कांस्टेबल देवेंद्र यादव व उनकी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
आज की इस घटना में यदि सड़क के किनारे पेड़ न होता तो सामने की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाती जिसमें कईयों को गम्भीर या उससे भी अधिक क्षति हो सकती थी। पुलिस ने अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और बाजार व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में धीमी गति रखें।

