





वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे और समस्त पर्यवेक्षण अधिकारियों के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शराब सेवन कर वाहन चलाना, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन चलाना, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, गलत नंबर प्लेट लगाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाना एवं खतरनाक ढंग से वाहन संचालन करने वालों पर सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
🚔 जनवरी से अब तक की प्रमुख कार्रवाई
450 से अधिक वाहन चालकों पर शराब सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने पर धारा 185 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
सभी प्रकरण माननीय न्यायालय भेजे गए, जहां आरोपियों पर अधिक राशि से दंडित की गई है।
1300 से अधिक वाहन चालकों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कार्रवाई करते हुए समन शुल्क वसूल किया गया।
ITMS (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से 7500 से अधिक उल्लंघनकर्ताओं पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की गई।
📊 दुर्घटना आंकड़ों की समीक्षा
यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि सर्वाधिक दुर्घटनाएं शाम 6:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे के मध्य होती हैं।
इन आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए उक्त समयावधि में प्रतिदिन विशेष एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
⚠️ प्रमुख दुर्घटना कारण
तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन
शराब एवं अन्य नशे का सेवन कर वाहन चलाना
हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग न करना
इन कारणों से न केवल दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है, बल्कि गंभीर हादसों में जनहानि की आशंका भी अधिक रहती है।
📢 आम नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस बिलासपुर समस्त वाहन चालकों से अपील करती है कि सड़क पर चलते समय सदैव यातायात नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करें। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।
सुरक्षित रहें — नियमों का पालन करें — जीवन अमूल्य है।


