


मानेगांव में उमड़ा जनसैलाब, गूंजा “जय जोहार”
मूकनायक/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
बालाघाट, 22 फरवरी 2026 (खैरलांजी तहसील)।
ग्राम मानेगांव (कटोरी) रविवार को उस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब ग्राम पंचायत एवं आदिवासी महारानी दुर्गावती गोंडवाना समिति के संयुक्त तत्वावधान में जननायक शहीद बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भव्य अनावरण गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे ग्राम में “जय जोहार” और “वीर बिरसा मुंडा अमर रहें” के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे बड़ादेव पूजन, प्रभातफेरी एवं कलश यात्रा से हुआ। दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक जनजातीय रीति-रिवाजों के मध्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके पश्चात महाप्रसादी वितरण किया गया तथा रात्रि में आयोजित आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। लोकनृत्य एवं जनजातीय गीतों की प्रस्तुतियों ने समाज की सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत परिचय दिया।


समारोह के मुख्य अतिथि रामकुमार नगपुरे (जनपद पंचायत पूर्व अध्यक्ष एवं किसान संगठन जिला अध्यक्ष) ने अपने उद्बोधन में कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है। उन्होंने ग्रामीण एकता और संगठन की शक्ति पर बल देते हुए युवाओं से अपने इतिहास और महापुरुषों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश धुर्वे (अध्यक्ष, आदिवासी विकास परिषद बालाघाट) ने की, जबकि स्वागताध्यक्ष के रूप में मंजू कैलाश कुंजाम (सरपंच, ग्राम पंचायत मानेगांव कटोरी) ने अतिथियों का स्वागत किया।

विशिष्ट अतिथियों में संदेश सैयाम (अध्यक्ष, आदिवासी विकास परिषद), जयराम पिपलेवार (सामाजिक कार्यकर्ता, पिंडेकापार), शुभम उइके (युवा प्रतिनिधि, बालाघाट), रेशमा कुमरे (समाजसेवी, वारासिवनी), प्रकाशज उइके (जिला पंचायत सदस्य, बालाघाट), सुनीता मानसिंह बहेटवार (जिला पंचायत सदस्य, बालाघाट), सरोज मेष्राम (पूर्व सभापति, खैरलांजी), धनश्याम (पूर्व सरपंच, मोवाड़), पूजा नगपुरे (जनपद सदस्य, खैरलांजी), अभिषेक सेलोकर एवं दीपक सेलोकर (समाजसेवी, कुम्हली), लवेंद्र मेष्राम (रो. स., कुम्हली), नकुल कृपगाये (सचिव, कुम्हली) तथा सहदेव तुरकर (समाजसेवी, सिहोरा) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश मरस्कोले, उपाध्यक्ष अजय मरकाम, कोषाध्यक्ष दिनेश मरस्कोले, सचिव जितेंद्र मरस्कोले एवं सहसचिव दिवाकर कुंजाम की सक्रिय भूमिका से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ग्राम मानेगांव का यह आयोजन केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक स्वाभिमान और जनजातीय एकजुटता का सशक्त संदेश बनकर उभरा। भारी जनसहभागिता ने यह सिद्ध किया कि समाज आज भी अपने महापुरुषों के प्रति गहरी आस्था और सम्मान रखता है।


