Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedबालाघाट में भारतीय निर्वाचन व्यवस्था पर व्याख्यान आयोजित

बालाघाट में भारतीय निर्वाचन व्यवस्था पर व्याख्यान आयोजित

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने

बालाघाट। शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय, बालाघाट में 5 फरवरी 2026 को राजनीति शास्त्र विभाग के तत्वावधान में “भारतीय निर्वाचन व्यवस्था एवं प्रणाली” विषय पर एक दिवसीय शैक्षणिक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. श्वेता मोर ने किया।

व्याख्यान की मुख्य वक्ता महर्षि विद्या मंदिर की विषय विशेषज्ञ अनुपमा गौतम रहीं। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला मानी जाने वाली निर्वाचन प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जिसका प्रमुख दायित्व स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराना है। उन्होंने आयोग के संगठनात्मक ढांचे, अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए छात्राओं को निर्वाचन से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों से अवगत कराया।

वक्ता ने भारत में संघ, राज्य एवं पंचायत स्तर पर संचालित निर्वाचन प्रक्रियाओं को चरणबद्ध रूप से समझाया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन तिथियों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जाती है, जिसके अंतर्गत नामांकन, नाम वापसी, चुनाव प्रचार, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रियाएँ निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होती हैं। साथ ही ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता तथा मतदाता विश्वास की भूमिका पर भी विशेष चर्चा की गई।

प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान छात्राओं ने कालेजियम प्रणाली से संबंधित जिज्ञासाएँ प्रस्तुत कीं। विषय विशेषज्ञ ने शक्ति पृथक्करण सिद्धांत के संदर्भ में कार्यपालिका एवं न्यायपालिका के पारस्परिक संबंधों को स्पष्ट करते हुए कालेजियम व्यवस्था की उत्पत्ति, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

इस शैक्षणिक कार्यक्रम को सफल बनाने में आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. स्वाति खोब्रागड़े, डॉ. मणिका चौबे तथा नेटवर्क एडमिन मोहित लांजेवार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और इसे ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं समसामयिक बताया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार की महत्ता तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments