मूकनायक/राजेश कुमार तहसील रिपोर्टर/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती जनपद के ग्राम कोपा में 8 फरवरी 2026 को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर एक भव्य जयंती समारोह के साथ-साथ विशाल धम्मदेशना कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संत गुरु रविदास जी के समतामूलक, मानवतावादी और सामाजिक न्याय पर आधारित विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम कोपा के समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस समारोह के मुख्य अतिथि बस्ती जनपद के प्रसिद्ध अधिवक्ता बुद्धिप्रकाश एडवोकेट रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में अधिवक्ता शैलेंद्र अंबेडकर, धर्मराज अंबेडकर एवं डॉ. फूलचंद्र गौतम ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और संवैधानिक अधिकारों की जानकारी के माध्यम से ही समाज को मजबूत और सशक्त बनाया जा सकता है।
वक्ताओं ने अपने विचारों के माध्यम से भगवान बुद्ध, डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर, संत शिरोमणि गुरु रविदास, संत गाडगे, महात्मा ज्योतिबा राव फुले, सावित्री बाई फुले, फातिमा शेख, डॉ. राम स्वरूप वर्मा, चंद्रगुप्त मौर्य, ललई सिंह यादव तथा छत्रपति शाहू जी महाराज जैसे महान महापुरुषों के जीवन संघर्ष, विचारधारा और समाज सुधार में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन ओमप्रकाश द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में दीपक आजाद सहित ग्राम के अन्य जागरूक नागरिकों का विशेष योगदान रहा। जिसमें गांव के महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया।
यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, शिक्षा और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

