मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।
करौली, 23 फरवरी। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित राजस्थान पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के तहत चयनित अभ्यर्थियों को जिला करौली में नियुक्ति प्रदान की गई है। जिला कलेक्टर नीलाभी सक्सेना ने आदेश जारी कर बताया कि कुल 63 चयनित अभ्यर्थियों को परिविक्षाधीन प्रशिक्षणार्थी के रूप में पटवारी के पद पर अस्थायी रूप से नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा घोषित अंतिम परिणाम एवं राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप की गई है। जिला कलेक्टर ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को अस्थायी पटवार प्रशिक्षण विद्यालय, कुंडगांव, तहसील सपोटरा, जिला करौली में 26 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे प्रशिक्षण हेतु उपस्थित होना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि तक उपस्थित नहीं होने पर नियुक्ति आदेश निरस्त किया जा सकता है। प्रशिक्षण अवधि छह माह की होगी तथा इसके पश्चात चयनित अभ्यर्थियों को नियमानुसार नियमित सेवा में नियुक्त किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नियत पारिश्रमिक देय होगा तथा सेवा की शर्तें राजस्थान सेवा नियमों एवं संबंधित अधिसूचनाओं के अनुसार लागू होंगी।
जिला प्रशासन द्वारा सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित समय पर प्रशिक्षण संस्थान में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करें। जिला कलेक्टर ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे राजस्व प्रशासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी भू अभिलेख अनुभाग (कमरा न0 132) कलक्टेªट करौली में संपर्क करें।

