Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedनागपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन

नागपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन

नागपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन

मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी

नागपुर,

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में शुक्रवार को सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी मंडल सभागार, नागपुर में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मुख्यालय बिलासपुर के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक मनोज गुरुमुखी ने की। कार्यक्रम में नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
संगोष्ठी का उद्देश्य रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, ईमानदारी, उत्तरदायित्व एवं नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
अध्यक्षीय संबोधन में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक गुरुमुखी ने कहा कि सतर्कता एक सतत प्रक्रिया है, जो संगठन को सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमों का पालन करते हुए कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि भ्रष्टाचार की किसी भी संभावना को समाप्त किया जा सके।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि सतर्कता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक रेलवे कर्मचारी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने पर बल देते हुए संगठन की सकारात्मक छवि बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
संगोष्ठी के दौरान सतर्कता विभाग के अधिकारियों द्वारा सतर्कता नियमों, शिकायत निवारण प्रणाली, भ्रष्टाचार निवारण उपायों तथा सर्वोत्तम प्रशासनिक प्रथाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। संगोष्ठी का समापन सतर्कता के प्रति सजग रहने और संगठनात्मक मूल्यों को सुदृढ़ बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments