मूकनायक न्यूज/दिलीप कुमार/सिरोही/राजस्थान।
सिरोही। सिरोही शहर के समीपवर्ती धार्मिक स्थल आंबेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, कालंद्री के वर्ष 2016 पासआउट बैच के पूर्व छात्रों का स्नेह मिलन समारोह ‘नवोदयन 2026’ आयोजित किया गया। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर पूर्व विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय के सुनहरे दिन एक बार फिर जीवंत हो गए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नवोदय विद्यालय की परंपरा के अनुसार ‘नवोदय गान’ के साथ किया गया। सामूहिक स्वर में गूँजते इस गान ने सभी पूर्व छात्रों को उनके बचपन और छात्रावास के दिनों की याद दिला दी। इस दौरान विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूर्व छात्रों ने एक-दूसरे के साथ अपने करियर के अनुभव और स्कूल के दिनों के खट्टे-मीठे संस्मरण साझा किए।समूह की एकता और भविष्य में सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के लिए इस बैच के सभी साथियो नें एसोसिएशन का गठन किया व सर्वसम्मति से कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें अध्यक्ष पद पर करण कुमार, उपाध्यक्ष पद पर सुरेश सोलंकी, युवराज सिंह, प्रकाश कुमार, ललित चौहान एवं पुनीत मौर्य। कोषाध्यक्ष पद पर कैलाश मीणा एवं अंकित प्रजापत को जिम्मेदारी सौंपी गई।कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद प्रबंधक सुरेश सोलंकी, करण मेघवाल और कैलाश मीणा ने दूर-दराज से आए सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से आपसी प्रेम और जुड़ाव बना रहता है। अंत में सभी ने सामूहिक भोज का आनंद लिया और आगामी वर्ष फिर से मिलने के संकल्प के साथ विदाई ली।

