दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 21वीं जेडआरयूसीसी बैठक संपन्न, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
बिलासपुर छत्तीसगढ़
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में सोमवार को 21वीं क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) की बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने की।
बैठक में सांसद विजय बघेल (लोकसभा, दुर्ग) एवं देवेन्द्र प्रताप सिंह (राज्यसभा, रायगढ़) सहित समिति के 19 सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा रेलवे के सभी विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए।
प्रारंभ में उप महाप्रबंधक (सा.) एवं जेडआरयूसीसी के सचिव समीर कांत माथुर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए समिति की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की उपलब्धियों में समिति सदस्यों के सुझावों और सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अपने संबोधन में जोन की उपलब्धियों और यात्री सुविधाओं के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे लगातार बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बिलासपुर, रायपुर एवं दुर्ग स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है तथा 47 स्टेशनों के उन्नयन का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं में निरंतर सुधार हम सभी की प्राथमिकता है।
बैठक में ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं की शुरुआत, महत्वपूर्ण ट्रेनों के विस्तार तथा अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने विभिन्न जनहित से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक (सा.) ने किया। अंत में सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हेतु प्राप्त सुझावों के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। महाप्रबंधक ने सदस्यों के सहयोग और रचनात्मक सुझावों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।



