दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अमित मलिक ने अखिल भारतीय अंतर रेलवे सांस्कृतिक प्रतियोगिता में जीता प्रथम पुरस्कार
नागपुर
मूकनायक/ कमलेश लवहात्रै
छत्तीसगढ़ प्रभारी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा आयोजित अखिल भारतीय अंतर रेलवे सांस्कृतिक प्रतियोगिता (संगीत)–2025 का भव्य समापन मंगलवार, 03 फरवरी 2026 को तितली चौक स्थित न्यू ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों के विजेता प्रतिभागियों को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती है, बल्कि भारतीय रेलवे की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं अखिल भारतीय एकता का भी सशक्त प्रतीक है। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में लाइट वोकल, क्लासिकल वोकल, लाइट म्यूजिक इंस्ट्रूमेंटल तथा क्लासिकल म्यूजिक इंस्ट्रूमेंटल—चार विधाओं में प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सहित 14 क्षेत्रीय रेल, रेलवे बोर्ड तथा पांच उत्पादन इकाइयों के कुल 147 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
नागपुर मंडल की ओर से पंकज जाधव एवं अमित मलिक ने प्रतियोगिता में सहभागिता की। शास्त्रीय संगीत (इंस्ट्रूमेंटल) विधा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के श्री अमित मलिक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर मंडल का नाम गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने अमित मलिक को हार्दिक बधाई देते हुए मंडल को गौरवान्वित करने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की इस प्रकार की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियां रेलवे की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करती हैं तथा अन्य कर्मचारियों को भी प्रतिभा प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) की अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अपर महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह आयोजन भारतीय रेलवे की सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने तथा कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




