दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला हैंडबॉल टीम ने रचा इतिहास वाराणसी में 18वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण
मूकनायक
दिलीप मैश्राम
बिलासपुर छत्तीसगढ़
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) की महिला हैंडबॉल टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल और अदम्य जज़्बे का परिचय देते हुए 18वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। 18 से 21 फरवरी तक वाराणसी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में SECR ने दक्षिण मध्य रेलवे को 32-29 से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
रोमांच से भरपूर रहा फाइनल
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के अंतिम क्षणों तक परिणाम अनिश्चित बना रहा, लेकिन निर्णायक समय में बेहतर रणनीति और मजबूत मानसिक संतुलन का प्रदर्शन करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की खिलाड़ियों ने बढ़त बनाए रखी और ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
इससे पहले सेमीफाइनल में SECR की टीम ने उत्तर पूर्व रेलवे को 28-26 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
चार कांस्य के बाद स्वर्णिम सफलता
उल्लेखनीय है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला हैंडबॉल टीम पिछले चार वर्षों से लगातार ऑल इंडिया स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रही थी। टीम ने पिछले चार संस्करणों में लगातार चार कांस्य पदक जीतकर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस वर्ष खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए सीधे स्वर्ण पदक जीतकर ‘चैंपियन’ का गौरव हासिल किया।
प्रबंधन की दूरदर्शी सोच का परिणाम
इस सफलता के पीछे रेलवे प्रबंधन की खेलों के प्रति सकारात्मक सोच और खिलाड़ियों को प्रदान की गई बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2021 से की गई नई खेल नियुक्तियों और व्यवस्थित प्रशिक्षण व्यवस्था ने टीम को मजबूत आधार प्रदान किया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारियों और सेक्रसा परिवार ने टीम को बधाई देते हुए इसे संगठन के लिए गर्व का क्षण बताया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह जीत न केवल संगठन के लिए गौरव का विषय है, बल्कि महिला खिलाड़ियों के सशक्तिकरण और खेल भावना के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण भी है। यह सफलता आने वाले वर्षों में और भी बड़ी उपलब्धियों की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।


