Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजिले में गुमशुदगी का सिलसिला जारी, अब पुलिस अधिकारी भी लापता

जिले में गुमशुदगी का सिलसिला जारी, अब पुलिस अधिकारी भी लापता

मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती। जनपद बस्ती के थाना परशुरामपुर में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक श्री अजय गौड़ बीते 05 फरवरी 2026 की शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। उनके अचानक गायब होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। काफी खोजबीन के बाद उनकी सरकारी बाइक अमहट क्षेत्र में कुआनो नदी के तट पर लावारिस हालत में बरामद हुई, जिसके बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।

सूचना मिलते ही परशुरामपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कुल पाँच विशेष टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में थाना परशुरामपुर की पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम को शामिल किया गया है।

इसके साथ ही कुआनो नदी और आसपास के इलाकों में खोजबीन के लिए SDRF की टीम तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है। नदी के तट, घाटों और संभावित स्थानों पर लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।

पुलिस अधिकारियों द्वारा SSI अजय गौड़ के परिजनों और रिश्तेदारों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। वहीं, पुलिस विभाग के अधिकारी भी इस घटना को लेकर गहरी चिंता में हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि जनपद बस्ती में बीते कुछ समय से लापता होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में जिले में कई ऐसे मामले उजागर हुए हैं, जिनमें लोग रहस्यमय तरीके से गायब हुए और उनका अब तक कोई सुराग नहीं लग सका। अब एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी का इस तरह लापता होना प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर भय और असमंजस का माहौल है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मामले की निष्पक्ष और तेज़ जांच कर SSI अजय गौड़ को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए, ताकि आम जनता का भरोसा कानून व्यवस्था पर बना रह सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments