Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedछू-लो-आसमान” बना शिक्षा और प्रेरणा का मंच,बिलासपुर में विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक...

छू-लो-आसमान” बना शिक्षा और प्रेरणा का मंच,बिलासपुर में विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक शैक्षणिक-सामाजिक आयोजन

छू-लो-आसमान” बना शिक्षा और प्रेरणा का मंच,बिलासपुर में विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक शैक्षणिक-सामाजिक आयोजन

मूकनायक

कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी

बिलासपुर

शिक्षा को सामाजिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाते हुए छत्तीसगढ़ मुस्लिम एजुकेशन वेलफेयर, बिलासपुर द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए “छू-लो-आसमान” नामक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षा, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाला शहर का अब तक का एक विशिष्ट और व्यापक प्रयास रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत क़ुरआन की तिलावत और दुआ से हुई। इस अवसर पर शहर के विभिन्न विद्यालयों से आए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, अभिभावक, शिक्षक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभागार में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन मेजर डॉ. आशीष शर्मा (प्रोफेसर, डी.पी. विप्र महाविद्यालय) एवं उमाशंकर पांडे ने किया। अतिथियों का स्वागत सम्मानपूर्वक पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. अरुण पटनायक, प्रो-वाइस चांसलर, एमिटी यूनिवर्सिटी ने कहा कि
“शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। ईमानदारी, मेहनत और अनुशासन से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकता है। हर छात्र में नेतृत्व क्षमता होती है, आवश्यकता है उसे सही दिशा देने की।”
विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) रामगोपाल करियारे ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और जिम्मेदारी का महत्व समझाते हैं।
“जागरूक और शिक्षित युवा ही देश की प्रगति की नींव होते हैं,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं एसईसीएल के डिप्टी सीएमडी जाकिर हुसैन ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा—
“शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि सोचने की शक्ति और आत्मविश्वास देती है। सपने देखें, मेहनत करें और निरंतर आगे बढ़ते रहें—हर बच्चा आसमान छू सकता है।”
कार्यक्रम अध्यक्ष मोहम्मद सरफराज पाशा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य हर बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुँचाना है।
“हम चाहते हैं कि हर बच्चे के हाथ में किताब हो, दिल में हिम्मत हो और आँखों में बड़े सपने हों,” उन्होंने कहा।
समापन अवसर पर संस्था के सचिव एम.एन. रिज़वान ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस सफल आयोजन में उपाध्यक्ष मोहम्मद रफ़ीक, संरक्षक मोहम्मद निसार, मो. इमरान, हाजी आमिर खान, हाजी शेख रफ़ीक, ग़ौस मो., सैय्यद रज़्ज़ाक आली, यासीन कुरैशी, सैय्यद महफूज़ अली, मो. मुकीम, अब्दुल अलीम, मो. नावेद सहित अनेक समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा।
शहर के शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
“छू-लो-आसमान” कार्यक्रम न केवल प्रेरणा का स्रोत बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गया कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments