छत्तीसगढ़ में बनी पहली हिंदी फिल्म, जिसने रमाई अंबेडकर के त्याग और बलिदान को दिया पर्दे पर सम्मान
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष में उनकी पत्नी रमाई अंबेडकर की ऐतिहासिक और प्रेरणादायी भूमिका को पहली बार हिंदी सिनेमा में बड़े स्तर पर प्रस्तुत किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में निर्मित नीतूराज फिल्म्स के बैनर तले बनी हिंदी फिल्म “रमाई” 6 फरवरी 2026 से महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
यह फिल्म रमाई अंबेडकर के उस संघर्ष, त्याग, बलिदान और साहस को उजागर करती है, जिसने बाबासाहेब को विश्व स्तर पर महान विचारक और भारतीय संविधान का शिल्पकार बनने में अहम भूमिका निभाई। कमजोर आर्थिक परिस्थितियों, सामाजिक भेदभाव और चार-चार बच्चों के असमय निधन के बावजूद रमाई ने अपने पति का साथ नहीं छोड़ा और अस्पृश्यता के खिलाफ संघर्ष में अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया।
महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है फिल्म – निर्माता कृष्ण चौहान
फिल्म के निर्माता कृष्ण चौहान, जो छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य जिला बस्तर (जगदलपुर) के निवासी हैं, का कहना है कि
“आज के समय में महिला सशक्तिकरण केवल नारा नहीं, बल्कि परिवार और समाज की नींव है। रमाई अंबेडकर इसका जीवंत उदाहरण हैं, जिन्होंने अपने त्याग और संघर्ष से बाबासाहेब को विदेश जाकर 32 डिग्रियां और 9 भाषाओं का ज्ञान अर्जित करने में पूरा सहयोग दिया।”
दमदार कलाकारों से सजी फिल्म
फिल्म में
डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की भूमिका में डॉ. उदय धाबरडे,
रमाई अंबेडकर की भूमिका में प्रेरणा धाबरडे,
छत्रपति शाहू महाराज के किरदार में दिग्गज अभिनेता रज़ा मुराद,
वहीं ओमकार दास मानिकपुरी (नत्था – भूलन कांदा फेम) ने बड़े भाई आनंद की भूमिका निभाई है।
इसके अलावा मुंबई, इलाहाबाद, औरंगाबाद, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग-भिलाई सहित कई शहरों के कलाकारों ने फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं।
छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों को मिला बॉलीवुड मंच
सहायक निर्माता राजकुमार रामटेके और निर्देशक कबीर दा ने इस फिल्म के माध्यम से छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय व स्थानीय कलाकारों को हिंदी फिल्म उद्योग से जोड़ने का विशेष प्रयास किया है। रामटेके ने बताया कि इस प्रयास में उन्हें बड़ी सफलता मिली है और स्थानीय कलाकारों ने अपने अभिनय से फिल्म को मजबूत बनाया है।
///तकनीकी टीम और संगीत पक्ष भी सशक्त///
फिल्म के
निर्देशक: कबीर दा
संगीत व बैकग्राउंड स्कोर: दिनेश अर्जुना
गीतकार: डॉ. श्रीकृष्णा राऊत, गौतम शिंदे
गायन: वैशाली माडे, संजीवनी बेलोंडे, दिनेश अर्जुना, डॉ. नेहा राजपाल
कैमरामैन: सुमित सोनी
पीआरओ: संजय भूषण पटियाला
////6 फरवरी से इन शहरों में होगी रिलीज///
फिल्म “रमाई” 6 फरवरी 2026 से महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के 21 से अधिक सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी, जिनमें भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, नागपुर, गोंदिया, अमरावती, औरंगाबाद सहित कई शहर शामिल हैं।
परिवार सहित देखने की अपील
सहायक निर्माता राजकुमार रामटेके ने दर्शकों से अपील की है कि वे इस फिल्म को परिवार सहित देखें और महिला के योगदान, त्याग और संघर्ष को समझें।
“तेरे त्याग बलिदान से देश में बजी शहनाई,
मेरी आई हम सब की रमाई।”


