मूकनायक/राजेश कुमार तहसील रिपोर्टर/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडप गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव रविवार सुबह उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान शिवनरारान के पुत्र श्यामनाथ (लगभग 27 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, श्यामनाथ 14/15 की बीती रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो घरवालों को चिंता हुई।
परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो श्यामनाथ साड़ी के टुकड़े से पंखे के सहारे लटका हुआ था और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृतक चार भाइयों में एक था। उसकी शादी हो चुकी थी और पीछे पत्नी व एक छोटा बेटा है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

