मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।
करौली, 21 फरवरी। आमजन की समस्याओं की सुनवाई व उनके त्वरित निस्तारण के लिए जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना की अध्यक्षता में शुक्रवार को ग्राम पंचायत सीलोती में रात्रि चौपाल के दौरान जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने परिवादियों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनी और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। इस दौरान पेयजल, सड़क, चिकित्सा, पेंशन, सिलिकोसिस, पंचायति राज, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के परिवाद प्राप्त हुए। जिला कलक्टर ने प्रत्येक प्रकरण की व्यक्तिगत सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्रता से नियमानुसार कार्यवाही करने एवं आमजन को लाभान्वित करवाने के निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने रात्रि चौपाल एवं सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त एवं लम्बित प्रकरणों का 15 दिन के अन्दर निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। रात्रि चौपाल में पेयजल से संबन्धित आमजन की परिवेदनाओं के प्राप्त होने पर गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश पीएचईडी के अधिकारियों को दिये। जिससे आमजन को पेयजल के संबंध में किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पडें। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को बीमारियों के प्रति सतर्क रहकर कार्य करने, दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। रात्रि चौपाल के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिड़वाल, अतिरिक्त मुख्य कार्याकारी अधिकारी लाखन सिंह, सहित अन्य जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में परिवादी उपस्थित रहे।

