Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशखलीलाबाद में आज़ाद समाज पार्टी की विशाल रैली, सांसद चन्द्रशेखर आज़ाद ने...

खलीलाबाद में आज़ाद समाज पार्टी की विशाल रैली, सांसद चन्द्रशेखर आज़ाद ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश

संतकबीर नगर। जनता संत कबीर नगर की जूनियर हाई स्कूल, खलीलाबाद के प्रांगण में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा एक विशाल जनसभा एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय एडवोकेट चन्द्रशेखर आज़ाद जी रहे। वे लोकसभा क्षेत्र नगीना से सांसद हैं साथ ही भीम आर्मी भारत एकता मिशन के संस्थापक एवं आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। इस विशाल रैली में प्रदेश के लगभग सभी जिलों से पार्टी के प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल हुए।

रैली में जनसैलाब उमड़ पड़ा।

आयोजन स्थल पर हजारों की संख्या में महिलाएं, बच्चे, युवा और किसान मौजूद रहे। पूरे मैदान में आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के झंडे लहराते दिखाई दिए। जनसभा के दौरान उत्साह और जोश का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

अपने संबोधन में सांसद चन्द्रशेखर आज़ाद ने वर्तमान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह सरकार कानून-व्यवस्था के नाम पर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री जी कहा करते थे कि हर चौराहे पर यमराज खड़े हैं, लेकिन आज सवाल यह है कि अगर ऐसा है तो फिर बहन-बेटियों पर अत्याचार क्यों नहीं रुक पा रहे? किसान क्यों असुरक्षित महसूस कर रहा है?”

सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। आए दिन कहीं न कहीं बहन-बेटियों के साथ अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने किसानों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि आज किसान न तो अपनी फसल के उचित दाम पा रहा है और न ही उसे सुरक्षा का भरोसा है। उन्होंने कहा कि “ना किसान सुरक्षित है, ना ही बहन-बेटियों के साथ होने वाले अत्याचार कम हो रहे हैं। यह सरकार सिर्फ भाषण देती है, ज़मीनी स्तर पर काम नहीं कर रही।”

धर्मांतरण के मुद्दे पर बोलते हुए सांसद चन्द्रशेखर आज़ाद ने कहा कि आज देश और प्रदेश में एक खास सोच के तहत ईसाई और मुस्लिम समुदाय के लोगों को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ठोस सबूतों के इन समुदायों पर गलत आरोप लगाए जाते हैं, जिससे समाज में नफरत और डर का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह पूरी तरह गलत है और इससे देश की एकता व अखंडता को नुकसान पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि भारत का संविधान सभी को समान अधिकार देता है और किसी भी धर्म, जाति या वर्ग के खिलाफ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सांसद आज़ाद ने भरोसा दिलाया कि जिस दिन आज़ाद समाज पार्टी की सरकार बनेगी, उस दिन किसी के साथ जुर्म और ज्यादती नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा, “हम आप सबको विश्वास दिलाते हैं कि हमारी सरकार में कानून सबके लिए बराबर होगा और किसी भी कमजोर, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक या गरीब व्यक्ति पर अत्याचार नहीं होने दिया जाएगा।”

अपने भाषण में उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा, संगठन और संघर्ष के रास्ते पर चलें। उन्होंने कहा कि बदलाव तभी संभव है जब जनता जागरूक होगी और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आने वाले चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया।

रैली के दौरान पार्टी के अन्य प्रदेश स्तरीय नेताओं और स्थानीय पदाधिकारियों ने भी संबोधन किया और पार्टी की नीतियों तथा कार्यक्रमों की जानकारी जनता को दी। कार्यक्रम के अंत में शांतिपूर्ण तरीके से रैली का समापन हुआ।

इस विशाल जनसभा ने संत कबीर नगर सहित आसपास के जिलों में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। भारी भीड़ और जनता की मौजूदगी से यह साफ दिखाई दिया कि आज़ाद समाज पार्टी लगातार अपना जनाधार मजबूत कर रही है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments