एनटीपीसी सोलापुर की अनूठी पहल: 50 बेटियों को मिली साइकिलें, शिक्षा की राह हुई आसान
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
सोलापुर,
ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के सपनों को पंख देने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए एनटीपीसी सोलापुर ने अपने नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत आसपास के गांवों की 50 बालिकाओं को साइकिलें वितरित कीं। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी विद्यालय तक पहुँच को सुगम बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पश्चिमी क्षेत्र–1) ई. सत्य फणी कुमार रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता परियोजना प्रमुख बी.जे.सी. ने की।
अपने संबोधन में ई. सत्य फणी कुमार ने कहा, “एनटीपीसी सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा दृढ़ विश्वास है कि बालिकाओं की शिक्षा ही एक सशक्त और समृद्ध समाज की आधारशिला है। इन साइकिलों के माध्यम से गांव की बेटियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी और वे अपने सपनों को साकार कर सकेंगी।”
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं में स्कूल छोड़ने (ड्रॉपआउट) की दर को कम करना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। साइकिल प्राप्त करते समय बालिकाओं के चेहरे पर झलकती मुस्कान और उत्साह इस प्रयास की सार्थकता को दर्शा रहे थे। लाभान्वित छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने एनटीपीसी सोलापुर के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एनटीपीसी सोलापुर के वरिष्ठ अधिकारी, सीएसआर टीम के सदस्य तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी सोलापुर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में निरंतर सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों को आगे बढ़ा रहा है।
ग्रामीण बेटियों के लिए यह साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि उनके सपनों की उड़ान का माध्यम बन गई है।



