बिरारी (ललितपुर) में फल वितरण से लेकर विशाल कम्बल वितरण तक चला मानव सेवा का अभियान
मदर टेरेसा आश्रम में
आजाद परिंदा
ललितपुर/उत्तर प्रदेश।
“गरीबों और असहायों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है”—इसी भावना को साकार करता हुआ स्व. राजाराम कुशवाहा जी की चतुर्थ पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम बिरारी में एक वृहद सामाजिक एवं सेवा भाव से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ, जिसमें सेवा, सम्मान और स्मरण—तीनों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे जिला अस्पताल से की गई, जहाँ भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। इसके उपरांत मदर टेरेसा आश्रम में मानसिक रूप से विच्छित बच्चों को फल खिलाए गए तथा ठंड से बचाव हेतु कम्बल वितरित किए गए। यह दृश्य मानवीय संवेदना और करुणा का जीवंत उदाहरण बना।
इसके बाद कार्यक्रम ग्राम बिरारी स्थित राजाराम सरकार स्मृति पार्क में पहुँचा, जहाँ स्व. राजाराम कुशवाहा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने स्व. राजाराम कुशवाहा जी के संघर्षपूर्ण जीवन, समाजसेवा, जनहितकारी कार्यों और गरीबों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्मरण करते हुए उन्हें जनसेवा का सच्चा प्रतीक बताया।
सभा के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षा के प्रति बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा। इसके बाद कार्यक्रम में आए अतिथियों का पारंपरिक रूप से तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए गरीबों एवं असहायों के लिए विशाल कम्बल वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिली। इसके पश्चात विश्राम गृह एवं खेल मैदान के प्रवेश द्वार का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया, जिसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में अन्नपूर्णा भोजनालय के माध्यम से अस्पताल में मरीजों को भोजन वितरण किया गया, जिससे सेवा का यह क्रम पूर्णता की ओर पहुँचा। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में शिवचरण कुशवाहा (बाँदा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी), रामरतन कुशवाहा (सदर विधायक) सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मनोज कुशवाहा, कुल्लू दुबे, रामू कुशवाहा (जिला पंचायत सदस्य), मोहन कुशवाहा (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), सोनू चौबे (प्रधान गदोरा), दासी कुशवाहा (प्रधान खडेरा), विवेक कुशवाहा (प्रधान सलैया), सतेंद्र सिंह बुंदेला (प्रधान सिगेपुर), कृपाशंकर (पूर्व प्रधान कचनोदा), शेर सिंह (प्रधान तोड़ी), महेश (प्रधान रजवारा), सुजान पटेल (ठेकेदार पड़ोरिया), चिंटू राजा (पूर्व प्रधान), विक्की (प्रधान दुलावन) सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, कोटेदार, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिवनारायण तिवारी (रजवारा) द्वारा किया गया, जबकि प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र कुमार ने सभी आगंतुकों, सहयोगियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह श्रद्धांजलि सभा न केवल स्व. राजाराम कुशवाहा जी के योगदानों का स्मरण थी, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि सेवा, शिक्षा और संवेदना ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत आधार है।


