मूकनायक/ राजेश कुमार तहसील रिपोर्टर बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। विकासखंड सल्टौआ गोपालपुर में जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी राकेश चौधरी के चुनाव प्रचार को बाधित करने का प्रयास किया गया है। बगढरवा मेले में लगाए गए उनके प्रचार पोस्टरों को अज्ञात तत्वों ने फाड़कर नहर में फेंक दिया।
इस घटना के दौरान पुलिस बैरिकेटिंग को भी नहर में फेंका गया। यह वारदात मेले के दौरान हुई, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
राकेश चौधरी भुजैनिया निवासी हैं और सल्टौआ चतुर्थ से जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी हैं। घटना की जानकारी मिलने पर उनके समर्थकों ने नाराजगी व्यक्त की।
समर्थकों का कहना है कि यह कृत्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध है और चुनावी माहौल बिगाड़ने की साजिश है। उन्होंने मौके पर विरोध दर्ज कराते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने थाना वॉल्टरगंज में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।

