मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान
करौली के सपोटरा क्षेत्र में शनिवार सुबह धूलवास मोड़ के पास खेतों में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सपोटरा थाना क्षेत्र के धूलवास मोड़ के समीप खेतों में शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर कैलादेवी वृत्त की पुलिस उपाधीक्षक मीना मीणा और सपोटरा थानाधिकारी अबिजीत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचें और निरीक्षण किया। मृतक की पहचान डडैला की झोपड़ी (गज्जूपुरा) निवासी हरिराम पुत्र कलुआ मीणा लगभग 60 वर्ष के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गौर करते हुए जांच कर रही है।पुलिस को मृतक की जेब से एक स्टांप पेपर मिला है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ लोगों के नाम और जान से मारने की धमकी का उल्लेख है।घटना की गंभीरताको देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।घटना के बाद मृतक के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि पहले पूरे मामले का खुलासा किया जाए जिसके कारण उन्होंने काफी देर तक शव को नीचे नहीं उतरने दिया। पुलिस की समझाइश के बाद शव को उतारा गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी तथ्यों और जूटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

