*महाप्रबंधक तरुण प्रकाश
अमृत भारत स्टेशन के तहत बिजुरी, बैकुंठपुर में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
बिलासपुर :-
गाड़ियों की सुरक्षित एवं संरक्षित परिचालन सुनिश्चित करना भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा निरंतर सजगता के साथ विभिन्न संरक्षा अभियानों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज मौहरी–सूरजपुर रोड सेक्शन में विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किये।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों एवं मध्यवर्ती रेलखंडों का गहन अवलोकन करते हुए यात्री सुरक्षा, ट्रैक संरचना, सिग्नलिंग प्रणाली तथा रेल परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन, प्रधान मुख्य इंजीनियर, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, प्रधान मुख्य संकेत एवं दूरसंचार अभियंता, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक श्री प्रकाश बिजुरी स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना, प्लेटफार्म सरफेसिंग, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिये तथा पुनर्विकास से संबंधित ड्राइंग एवं ले-आउट प्लान का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बिजुरी स्थित क्रू लॉबी के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने कर्मचारियों से संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, विश्राम एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल परिचालन के लिए प्रत्येक स्तर पर संरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन पर बल दिया। साथ ही ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन हेतु उन्हें प्रोत्साहित किया ।
इसके पश्चात महाप्रबंधक ने बैकुंठपुर रोड स्टेशन में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित हो रही यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, पैनल रूम, रिले रूम, स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया सहित महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय तथा टिकट घर के नवीनीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बिजुरी–बैकुंठपुर रोड घाट सेक्शन का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिये।
कटोरा स्टेशन में उन्होंने नवीन स्टेशन भवन, फुट ओवरब्रिज सहित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। सेक्शन के मध्य स्थित फाटक संख्या AB-58 पर राहगीरों की सुविधा हेतु निर्माणाधीन अंडर ब्रिज का भी उन्होंने संरक्षा निरीक्षण किये। इसके पश्चात उन्होंने शिवप्रसाद नगर स्टेशन का निरीक्षण किये ।
संरक्षा निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सूरजपुर रोड स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म एवं वर्तमान में चल रहे निर्माणाधीन स्टेशन भवन प्लेटफार्म, स्टेशन प्रबंधक कार्यालय के साथ ही क्रू लॉबी का निरीक्षण किए ।


