मूकनायक / दतिया
दतिया । गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को पंजाब नेशनल बैंक की भांडेर शाखा में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। कार्यक्रम में ध्वजारोहण के बाद जब राष्ट्रगान शुरू हुआ, उसी दौरान बैंक कर्मचारी पूरे राष्ट्रगान के समय मोबाइल फोन ऑपरेट करते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राष्ट्रगान के दौरान कर्मचारी का मोबाइल चलाना देश के संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों और आदर्शों के प्रति असम्मान को दर्शाता है। बताया गया कि मोबाइल चलाते समय उनके पास खड़ा एक अन्य कर्मचारी भी कुछ क्षण तक मोबाइल स्क्रीन देखता रहा, बाद में उसने अपनी नजर हटा ली। इस घटनाक्रम से कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित हुई। राष्ट्रीय पर्वों पर इस तरह की लापरवाही न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि सार्वजनिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों से अपेक्षित आचरण के भी विपरीत है। जिम्मेदार पदों पर बैठे कर्मचारियों से ऐसे अवसरों पर अनुकरणीय व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। स्थानीय लोगों ने मामले पर बैंक प्रबंधन से संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

