Thursday, February 26, 2026
Homeकरौलीबालिका सशक्तिकरण के लिए समान अधिकार की परिभाषा को लागू करना सभी...

बालिका सशक्तिकरण के लिए समान अधिकार की परिभाषा को लागू करना सभी की जिम्मेदारी।

मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।

करौली, 24 जनवरी। राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय करौली में जिला प्रशासन एवं एक्शनएड यूनिसेफ करौली द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एक्शनएड यूनिसेफ जिला समन्वयक दिनेश कुमार बैरवा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य “एक उज्जवल भविष्य के लिए बालिकाओं को सशक्त बनाना” है जो शिक्षा, स्वास्थ्य और अवसरों की समानता को प्रमोट करता है। भारत में बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा उनके समग्र कल्याण पर जोर देने के लिए समर्पित राष्ट्रीय बालिका दिवस प्रतिवर्ष 24 जनवरी को मनाया जाता है। वर्ष 2008 में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (एमडब्ल्यूसीडी) द्वारा प्रारंभ किया गया यह दिवस लड़के-लड़कियों में भेदभाव के बारे में जागरूकता बढ़ाने, समान अवसरों को प्रोत्साहित करने और ऐसा वातावरण बनाने का मंच प्रदान करता है, जहाँ बालिकाएँ सशक्त नागरिक के रूप में आगे बढ़ सकें। यह राष्ट्र के उज्ज्वल और अधिक न्यायसंगत भविष्य के निर्माण में बालिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि यह पहल भारत के महिला-नेतृत्व वाले विकास और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विज़न के साथ प्रभावी रूप से मेल खाती है। राष्ट्रीय बालिका दिवस बालिकाओं के सामने निरंतर मौजूद रहने वाली-लैंगिक भेदभाव, कन्या भु्रण हत्या, बाल लिंगानुपात से जुड़ी चुनौतियों, बाल विवाह, तथा शिक्षा और स्वास्थ्य तक पहुँच में बाधाओं जैसी असमानताओं को दूर करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। बाल कल्याण समिति सदस्य फजले अहमद ने बताया कि यह दिवस समाज की सोच में परिवर्तन लाकर बालिकाओं को समान रूप से महत्व और सम्मान देने पर जोर देता है, जिससे उनके समग्र विकास को बढ़ावा मिले। उन्होंने बालिकाओं से जुड़े कानून एवं योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। जिसमें पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट सहित बाल कल्याण समिति के कार्याे के बारे में जानकारी दी। महाविद्यालय प्राचार्य रफिक अहमद ने बालिकाओं के लिए प्रमुख फोकस क्षेत्रों में बालिकाओं की शिक्षा को आगे बढ़ाना, कौशल विकास, डिजिटल समावेशन, एसईटीएम क्षेत्रों में भागीदारी, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग, हिंसा से सुरक्षा तथा नेतृत्वकारी भूमिकाओं के अवसर आदि की जानकारी दी। महिला अधिकारिता विभाग के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की जिला ब्रांड एम्बेसडर अनिता मीणा ने बताया कि निरंतर प्रयासों के माध्यम से, विशेष रूप से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ (बीबीबीपी) योजना के अंतर्गत, उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राष्ट्रीय स्तर पर जन्म के समय लिंगानुपात (एसआरबी) 2014-15 में लगभग 918 से बढ़कर 2023-24 में 930 हो गया। इसके अतिरिक्त, भारत में माध्यमिक स्तर (कक्षा 9-10) पर बालिकाओं का सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) 2014-15 में 75.51 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 78.0 प्रतिशत हो गया। 2 इसके अलावा वर्ष 2024-25 में माध्यमिक स्तर पर बालिकाओं का सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) 80.2 प्रतिशत तक पहुँच जाने की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र राधारमण सारस्वत ने बालिकाओं के लिए नालसा द्वारा संचालित बालकों के मैत्रीपूर्ण अधिकार विधिक सेवा योजना एवं नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में जानकारी दी। चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के प्रभारी भीकम सिंह ने चाइल्ड हेल्पलाइन के कार्याे के बारे में जानकारी दी और किसी भी आपात स्थिति में 1098 पर कॉल कर सहायता ले सकते हैं। महिला थानाधिकारी सोनभद्र ने बालिकाओं के लिए राजस्थान पुलिस की कालिका यूनिट, ऑपरेशन साइबर शिल्ड, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति सहित बालिकाओं को कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। महिला अधिकारिता विभाग की जैंडर स्पेशलिस्ट सीमा चतुर्वेदी ने जैंडर संवेदनशीलता पर जानकारी प्रदान की। सुपर वाइजर गोमती मीणा ने बालिकाओं के लिए संचालित शिक्षा सेतू सहित महिला अधिकारिता विभाग की योजनाओ के बारे में बताया। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय, राजकीय बालिका विद्यालय एवं मौलाना आजाद उच्च माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति देने वाली सभी बालिकाओं को महिला अधिकारिता विभाग एवं बाल कल्याण समिति के सहयोग से सम्मानित किया गया। इस दौरान महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सोनम मीना, रेशमबाला अध्यापिका, एक्शनएड यूनिसेफ स्वयंसेवक स्वेता शर्मा, जगदीश जाट, कोरो फैलो हेमराज माली, चाइल्ड हेल्पलाइन सुपर वाइजर पवन जागा सहित राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर, स्टाफ एवं बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments