Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबस्ती में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक अभियुक्त गिरफ्तार

बस्ती में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक अभियुक्त गिरफ्तार

मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश

बस्ती। जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कलवारी, थाना नगर पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध असलहा बनाने वाली एक फैक्ट्री का खुलासा किया गया है। यह फैक्ट्री मांझा खुर्द गांव स्थित श्मशान घाट के पीछे एक निर्जन स्थान पर संचालित की जा रही थी। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई एक विश्वसनीय मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि मांझा खुर्द क्षेत्र में रात के समय अवैध असलहा बनाने का काम किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कलवारी, थाना नगर और एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। देर रात करीब दो बजे टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्कता के चलते उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ताज मोहम्मद निवासी इलफातगंज, थाना इब्राहिमपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर और 315 बोर के कई अवैध देशी तमंचे बरामद किए गए। इसके अलावा जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा तमंचा बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण भी मौके से मिले हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ताज मोहम्मद ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से अवैध रूप से तमंचा और कारतूस बनाने का काम कर रहा था। पुलिस की नजर से बचने के लिए वह सुनसान और निर्जन स्थानों का चयन करता था तथा अधिकतर रात के समय ही असलहा तैयार करता था। तैयार किए गए तमंचों और कारतूसों को वह चोरी-छिपे विभिन्न लोगों को बेच देता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अवैध असलहे की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जाती थी।

इस मामले में थाना कलवारी में अभियुक्त के खिलाफ आयुध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि वह पहले भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध असलहा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ किया है कि एक्सकानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments